पर्यावरण संरक्षण के जनअभियान को दिया समर्थन, हरित भविष्य का लिया संकल्प
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित “रन फॉर ग्रीन” अभियान में द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस जनजागरूकता कार्यक्रम में जिले के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। 
द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लगभग 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ पूरी कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इसके बाद ट्रस्ट की ओर से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया। 
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरणा मिलती है। 
द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील भी की। 
